story लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
story लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 22 अगस्त 2020

राम का भाग्य

 विवेक विश्वकर्मा

कक्षा 5

प्राथमिक विद्यालय नाऊमुंडा

सुकरौली, कुशीनगर


एक बार की बात है। एक गाँव मे दो लकड़हारे रहते थे। एक का नाम राम था और दूसरे का नाम राजू था। राम रोज सुबह राजू के घर जाता और उसे बुलाता। राजू उठता, कुल्हाड़ी लेता और राम के साथ जंगल मे लकड़ी काटने को चल देता।

एक दिन रोज की तरह राम राजू के घर उसे बुलाने गया। उसने आवाज लगाई- 'राजू! चलो जंगल मे लकड़ियाँ काटने।' तब राजू ने कहा की तुम जाओ मैं आज नही जाऊँगा। राम ने जब इतना सुना तो वह अकेले ही जंगल में लकड़ी काटने चल दिया। 

चलते-चलते उसने एक बड़ा-सा पेड़ देखा। देखते ही राम दौड़ता हुआ उस पेड़ के पास पहुँचा और पेड़ को काटने लगा। लेकिन पेड़ कट नही रहा था और अजीब-सी आवाज कर रहा था।

राम थक गया और पास ही कटे हुए पेड़ पर बैठ गया। अचानक बहुत तेज आँधी आई। राम उस कटे पेड़ पर बैठा ही रहा। जिस पेड़ को राम काट रहा था वह पेड़ आँधी मे गिर गया। राम ये सब देख कर हैरान हो गया। आँधी खतम हो गई। राम गिरे हुआ पेड़ के पास गया तो देखा की पेड़ के जड़ से थोड़ा-सा उपर सोना-चाँदी था। राम ने सोचा कि इसीलिए पेड़ नही कट रहा था। वह इधर-उधर देख कर सब सोना-चाँदी वहा से उठा लिया और अपने घर को चल दिया।

 घर पहुँचते ही यह सब बात अपनी पत्नी से बताई। पत्नी यह सब सुनकर बहुत खुश हुई और कहा कि जल्दी से एक घर बनवाओ। राम ने सोना-चाँदी बेचकर एक सुंदर-सा घर बनवाया और खुशी से रहने लगा।

 यह सब देखकर राजू पछताने लगा और अपने मन मे सोचने लगा कि राम के साथ मुझे भी जाना चाहिए था। लेकिन समय बीत जाने पर पछताने से क्या फायदा।

रविवार, 12 जुलाई 2020

दो भाई

दो भाई थे उनका नाम राजेश और रमेश था। बड़े भाई राजेश के पास बहुत धन-दौलत था और बहुत बड़ा घर था इसलिए उसे इस बात का घमंड था। जबकि छोटा भाई रमेश गरीब था। उसका घर झोपड़ी था लेकिन वह बहुत व्यवहार वाला था। राजेश बिना मेहनत के खाता था लेकिन रमेश पूरा दिन मेहनत करता तब उसकी पत्नी और बच्चे दो रोटी खा पाते थे।

 ऐसे ही एक बार दीपावली का त्यौहार आया तो राजेश के घर खूब सारे रंग-बिरंगे दिये और मिठाईयां थी जबकि रमेश के घर मिठाई खरीदने के भी पैसे नहीं थे। रमेश अपने बड़े भाई राजेश के पास गया और बोला- भैया प्लीज मुझे कुछ पैसे दे दो। राजेश ने उसे डांट कर अपने घर से भगा दिया।

 रमेश बहुत दुखी हुआ और वह जाकर एक पेड़ के नीचे बैठ कर रोने लगा। तभी वहां पर एक परी आई। परी ने रमेश से पूछा -तुम क्यों रो रहे हो? रमेश ने परी को सारी बात बता दी। परी ने उसे एक अंगूठी दी। फिर परी ने कहा कि यह कोई मामूली अंगूठी नहीं है। तुम इससे जो कुछ भी मांगोगे या अंगूठी तुम्हें वह देगी।

 रमेश अंगूठी लिया और घर चला आया। उसने अपनी पत्नी को सारी बात बताई। अब उसके पास भी खूब सारे दीये और मिठाइयां हो गई। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खुशी से दीपावली मनाया। अब रमेश का घर भी सुंदर हो गया और उसके घर भी खाने पीने वाली चीजें हो गईं।

 राजेश सोचने लगा कि अभी पाँच दिन पहले तो रमेश बहुत गरीब था अभी यह अमीर कैसे हो गया। ऐसे ही एक दिन राजेश छुप-छुपकर रमेश के घर में देख रहा था। तभी उसने देखा कि रमेश ने अंगूठी से दाल-चावल और नमक मांगा। उसके बाद अगले दिन ही राजेश छुपकर रमेश के घर गया। रात का समय था। रमेश, उसकी पत्नी और बच्चे सो रहे थे। रमेश वह अंगूठी पहने हुए था। राजेश ने धीरे से उसके हाथ से अंगूठी निकाल लिया और सुबह अपना सारा सामान समेटकर अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर जाने लगा।

 वह अपने परिवार को लेकर दूर जा रहा था। रास्ते में वह लोग नाव पर बैठे थे तब उसकी पत्नी ने पूछा कि आप हम लोग को लेकर कहां जा रहे हैं? तब राजेश ने अपनी पत्नी को सारी बात बता दी। उसकी पत्नी ने कहा कि अगर ऐसा है तो अभी इस अंगूठी से चावल मांग कर दिखाइए। राजेश ने जैसे ही अंगूठी से चावल मांगा, अंगूठी ने इतना ज्यादा चावल दे दिया कि नाव डूब गई।

 इधर रमेश के पास जितना कुछ था वह उसी में खुश रहने लगा और काम करने लगा। इसीलिए कहते हैं कि अधिक लालच और चोरी बुरी बात है।

 वंदना
 कक्षा 5 
प्राथमिक विद्यालय नाऊमुंडा
सुकरौली, कुशीनगर

रविवार, 14 जून 2020

कहानी- जुड़वा बेटियाँ

जुड़वा बेटियाँ

एक गांव में एक आदमी रहता था। उसके कोई संतान नहीं थी। कुछ दिन बाद उसकी जुड़वा बेटियां हुईं। उसकी पत्नी जुड़वा बेटियों को जन्म देते ही मर गई। 

उस आदमी ने अपनी दोनों बेटियों को बड़ा किया और उन्हें ऐसे-ऐसे काम भी सिखाए जो लड़के करते थे, जैसे- घोड़े दौड़ाना और दौड़ना। इन सब बातों से गांव वाले जलने लगे थे

 एक बार गांव वालों ने आपस में मिलकर फैसला किया और उन दोनों बेटियों और उनके पिता को गांव से निकाल दिया। गांव से बाहर जाकर वह तीनों एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। थोड़ी देर बाद उन्होंने देखा कि दो चोर गांव में चोरी करके भाग रहे थे। उन्होंने जब चोरों को भागते हुए देखा तो दोनों लड़कियां घोड़े पर बैठकर उन चोरों को दौड़ा ली और पकड़ लीं।

गांव वाले दौड़े-दौड़े वहाँ पहुंच चुके थे। गांव वालों ने दोनों बेटियों से और उनके पिता से माफी मांगा और कहा कि तुम तीनों गांव से बाहर नहीं जाओगे, चलो तुम लोग गांव में ही रहना और हमें माफ कर दो। फिर वह तीनों खुशी-खुशी वापस अपने घर जाकर रहने लगे।

इस कहानी से हमें यह शिक्षा मिलती है कि बेटियों को भी काबिल बनाना चाहिए।

- चाँदनी
कक्षा- 5
प्राथमिक विद्यालय नाऊमुंडा
क्षेत्र-सुकरौली, कुशीनगर ।